राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) की ओर से समान पात्रता परीक्षा (CET) सीनियर सेकेंडरी लेवल-2026 की आवेदन प्रक्रिया 24 जून से शुरू होगी। अभ्यर्थी 23 जुलाई तक बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस परीक्षा के जरिए राज्य की विभिन्न भर्तियों में शामिल होने की पात्रता तय की जाएगी। सीईटी को राजस्थान में सरकारी नौकरियों का प्रवेश द्वार माना जाता है। ऐसे में लंबे समय से नई परीक्षा का इंतजार कर रहे युवाओं को अब राहत मिली है। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही लाखों अभ्यर्थी आगामी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए हैं। अक्टूबर में होगी सीनियर सेकेंडरी लेवल CET राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड पहले ही CET-2026 की एग्जाम डेट की घोषणा कर चुका है। इसके अनुसार सीनियर सेकेंडरी लेवल CET का आयोजन 23, 24 और 25 अक्टूबर को किया जाएगा। वहीं ग्रेजुएशन लेवल CET परीक्षा 1 से 3 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होगी। लागू होगी निगेटिव मार्किंग बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने संकेत दिए कि इस बार CET का स्तर पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा- इस बार निगेटिव मार्किंग भी लागू की जाएगी। बोर्ड का प्रयास रहेगा कि परीक्षा के बाद लगभग 3 से 4 लाख अभ्यर्थी ही अगले चरण के लिए पात्र घोषित हों। ऐसे में प्रतियोगिता पहले की तुलना में अधिक कड़ी रहने की संभावना है। स्कोर कार्ड तीन साल तक रहेगा मान्य राज्य सरकार ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए CET स्कोर कार्ड की वैधता अवधि एक साल से बढ़ाकर तीन साल कर दी है। इसका फायदा लाखों बेरोजगारों को मिलेगा। हालांकि अगर कोई अभ्यर्थी अपने अंकों में सुधार करना चाहता है तो वह हर साल आयोजित होने वाली CET परीक्षा में शामिल होकर नया स्कोर प्राप्त कर सकेगा। बोर्ड का अनुमान है कि इस निर्णय से 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। इन भर्तियों के लिए जरूरी होगी CET पात्रता सीनियर सेकेंडरी लेवल CET के माध्यम से राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में होने वाली भर्तियों के लिए पात्रता तय की जाएगी। इनमें वनपाल, छात्रावास अधीक्षक, जमादार ग्रेड-द्वितीय, पुलिस कॉन्स्टेबल, लिपिक ग्रेड-द्वितीय, कनिष्ठ सहायक और अन्य कई पद शामिल हैं। इसके अलावा सचिवालय, अधीनस्थ कार्यालयों, पंचायती राज विभाग, कृषि विपणन बोर्ड, कृषि उपज मंडियों, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा जयपुर विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों में कनिष्ठ सहायक और लिपिकीय पदों पर भर्ती के लिए भी CET अनिवार्य होगी। राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए CET-2026 बेहद महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जा रही है। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अब लाखों अभ्यर्थियों की नजरें अक्टूबर में होने वाली परीक्षा पर टिक गई हैं।
