बारां में बढ़ती आगजनी की घटनाओं के मद्देनजर नगर परिषद के अग्निशमन विभाग ने फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की है। विभाग ने सुरक्षा इंतजामों में कमी पाए जाने पर 3 होटल और रिसॉर्ट को सीज कर दिया। सहायक अग्निशमन अधिकारी रामसिंह मीणा ने बताया कि शहर में फायर सेफ्टी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को तलवाड़ा रोड स्थित अपना होटल, झालावाड़ रोड स्थित गोल्डन टेस्ट नॉनवेज होटल और नियाना स्थित संगम रिसॉर्ट एंड होटल वीआईपी ढाबा को सीज किया गया। इन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं पाई गईं। नियमों की अनदेखी पर जारी रहेगी कार्रवाई
इसके अलावा तलवाड़ा रोड स्थित सोनीजी ढाणी होटल एंड रेस्टोरेंट में आग से बचाव के संसाधन तो उपलब्ध थे, लेकिन फायर एनओसी नहीं थी। संचालक को तत्काल एनओसी के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, मेला ग्राउंड क्षेत्र में संचालित एक नॉनवेज होटल के संचालक को भी नियमों की अनदेखी पर अंतिम चेतावनी दी गई है।
नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
