अलवर में सरिस्का के बफर जोन के जंगल में रविवार शाम पर्यटकों (टूरिस्ट्स) को महज 100 मीटर के दायरे में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 6 टाइगर नजर आए। वहां एक साथ टाइग्रेस एसटी-19 और उसके 4 शावक दिखे, वहीं उनसे थोड़ी ही दूरी पर टाइगर एसटी-18 भी नजर आ गया। इस नजारे को देखकर एक फाइव स्टार होटल के मालिक का परिवार और अन्य टूरिस्ट दंग रह गए। अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… एक्सपर्ट बोले- यहीं रुको, मुझे टाइगर की गंध आ रही है एक्सपर्ट चिन्मय मैकमेसी ने कहा- सफारी शुरू होने के करीब डेढ़ घंटे बाद तक पर्यटकों को निराशा ही हाथ लग रही थी, क्योंकि दूर-दूर तक कोई हलचल (मूवमेंट) नहीं दिख रही थी। मैंने ने अचानक ड्राइवर और गाइड को एक जगह गाड़ी रोकने का इशारा किया। यहीं रुको, मुझे टाइगर की गंध आ रही है…मेरी यह बात सुनकर एक बार तो पर्यटक और गाइड दोनों ही हैरान रह गए। जंगल की हवा में बाघ की मौजूदगी को इस तरह भांप लेना सबके लिए अचरज भरा था, लेकिन मैंने का यह दावा कुछ ही मिनटों में सच साबित हो गया। सफारी कर रहे टूरिस्ट व सरोवर होटल एमडी अमृता सिंह ने भी कहा कि चिन्मय मैकमेसी ने गंध से अहसास कर लिया था कि आसपास टाइगर है। यह बड़ा रोचक लगा और बाद में कई टाइगर की साइटिंग भी हो गई। एक के बाद एक सामने आए 6 टाइगर मैकमेसी ने कहा- गाड़ी रुकने के कुछ ही देर बाद महज 50 मीटर की दूरी पर झाड़ियों के बीच से अचानक ताकतवर बाघ एसटी-18 बाहर निकला। उसे देखकर पर्यटकों की सांसें थम गईं। रोमांच अभी खत्म नहीं हुआ था; गाड़ी जब थोड़ी और आगे बढ़ी, तो सामने बाघिन एसटी-19 अपने 4 शावकों के साथ अठखेलियां करती नजर आई। पर्यटक बोले- पैसा वसूल सफारी मात्र 100 मीटर के दायरे में 6 बाघों को देखकर पर्यटकों ने कहा- शुरुआत में लग रहा था कि आज का दिन बेकार जाएगा, लेकिन टाइगर एक्सपर्ट की सूझबूझ ने इस सफर को एक नया और यादगार अनुभव बना दिया। यह सफारी हमारे लिए पूरी तरह से ‘पैसा वसूल’ साबित हुई।