उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस SOG विशाल बंसल ने बताया कि मामले में दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि लिखित परीक्षा से पहले RPSC के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा द्वारा लीक किए गए प्रश्नोत्तरों को पढ़कर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों में शामिल मनीष दाधीच को गिरफ्तार किया गया है। जांच के अनुसार मनीष दाधीच ने अपने भाई पुरुषोत्तम दाधीच और संदीप कुमार लाटा के माध्यम से लीक प्रश्नोत्तर प्राप्त किए थे। आरोप है कि बाबूलाल कटारा द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रश्नपत्र और उत्तर परीक्षा से पहले पढ़कर उसने लिखित परीक्षा दी। इसके परिणामस्वरूप मनीष ने हिंदी विषय में 200 में से 170.08 अंक तथा सामान्य ज्ञान में 200 में से 158.69 अंक प्राप्त किए थे। हालांकि साक्षात्कार में न्यूनतम निर्धारित अंक नहीं मिलने के कारण उसका अंतिम चयन नहीं हो सका। SOG ने इससे पहले 2 जून 2025 को पुरुषोत्तम दाधीच और 4 जून 2025 को संदीप कुमार लाटा को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि दोनों आरोपियों ने लीक प्रश्नोत्तर प्राप्त कर अपने परिचित अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पढ़वाकर लिखित परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाया। दोनों के खिलाफ 31 जुलाई 2025 को न्यायालय में आरोप पत्र भी पेश किया जा चुका है। वर्तमान में दोनों आरोपी सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर बाहर हैं तथा अपने-अपने विभागों में निलंबित चल रहे हैं। SOG के अनुसार मनीष दाधीच गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक SOG ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार उसे 19 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 23 जून 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में अब तक कुल 147 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष दाधीच पुत्र महावीर प्रसाद शर्मा, निवासी सागू छोटी, पोस्ट सागू कलां, थाना खुनखुना, जिला डीडवाना-कुचामन के रूप में हुई है।
