प्रतापगढ़ पुलिस ने 4 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। ये कार्रवाई थाना प्रतापगढ़ के प्रभारी उपनिरीक्षक कमलचंद और उनकी टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान की गई। अस्पताल की ओर से एक व्यक्ति टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल पर आता दिखा, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। उसकी मोटरसाइकिल पुलिस दल के पास पहुंचते ही बंद हो गई। तलाशी लेने पर पॉकेट से मिली एमडी
संदिग्ध हाव-भाव के कारण पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी ने अपनी पहचान आशिक उर्फ काशी निवासी इंदिरा कॉलोनी, थाना प्रतापगढ़ के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब से 4 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल दोनों को जब्त कर आरोपी आशिक उर्फ काशी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना प्रतापगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका पीसी रिमांड प्राप्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में एक अन्य आरोपी सम्मु उर्फ सलमान पुत्र शेरबादशाह खान पठान, निवासी अखेपुर, थाना प्रतापगढ़ का नाम भी सामने आया है। यह अन्य आरोपी सम्मु उर्फ सलमान फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।