केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीकर के खाटूश्यामजी में सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा की। मंत्री ने सुंदरपुरा स्टेशन की फोटो दिखाते हुए कहा- खाटूश्यामजी में नया स्टेशन सुंदरपुरा में बनाएंगे। यह खाटूश्यामजी से मात्र 11 किलोमीटर की दूरी पर है और हाईवे किनारे रहेगा। स्टेशन के लिए जमीन देख ली है। 12 महीनों में खाटूश्यामजी-सुन्दरपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण होगा। इससे देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बाबा श्याम के दर्शन के लिए बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को खातीपुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री ने दो ट्रेनों जयपुर-दरभंगा और बीकानेर-साबरमती ट्रेन की शुरुआत की। 205 करोड़ के अत्याधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल का शुभारंभ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खातीपुरा में 205 करोड़ रुपए की लागत से बने अत्याधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल का भी शुभारंभ किया। मेगा कोचिंग टर्मिनल में AI आधारित जांच प्रणाली और आधुनिक मेंटेनेंस सुविधाओं से ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता में बढ़ोतरी होगी। अश्विनी वैष्णव ने कहा- मेगा कोचिंग टर्मिनल AI आधारित होगा। इसमें अंडरगियर स्कैनिंग सिस्टम, बोगी ड्रॉप पिट मशीन, सिंक्रोनाइज्ड कोच लिफ्टिंग सिस्टम और ऑटोमैटिक कोच वाशिंग प्लांट जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। रेलवे के अनुसार- इन तकनीकों से ट्रेनों के मेंटेनेंस की गुणवत्ता बढ़ेगी, समय बचेगा और जयपुर में ट्रेनों की हैंडलिंग क्षमता में भी इजाफा होगा। सांगानेर क्षेत्र में भी डवलप होगी नई कोच मेंटेनेंस सुविधा मेगा कोचिंग टर्मिनल के शुभारंभ के दौरान अश्विनी वैष्णव ने कहा- जयपुर शहर की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए खातीपुरा में अत्याधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल डवलप किया गया है। यहां हर महीने करीब 450 ट्रेनों का मेंटेनेंस किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि शहर में जमीन की उपलब्धता सीमित होने के कारण परियोजना की योजना बनाई गई है। यह सुविधा अगले 20 साल की जरूरतों को देखकर तैयार की गई है। यहां वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का भी मेंटिनेंस किया जा सकेगा। जयपुर की चारों दिशाओं के लिए बनेगा मेंटेनेंस नेटवर्क रेल मंत्री ने कहा- भविष्य में सवाई माधोपुर रूट की ट्रेनों के लिए सांगानेर या उसके आसपास नई कोच मेंटेनेंस सुविधा भी डवलप की जाएगी। इस पर रेलवे की तकनीकी टीम काम कर रही है। खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल से मेंटेन की गई ट्रेनें दिल्ली, जोधपुर और बीकानेर दिशा में संचालित हो सकेंगी। वहीं नई सुविधा डवलप होने के बाद जयपुर से चारों दिशाओं में जाने वाली ट्रेनों के मेंटिनेंस की बेहतर व्यवस्था हो जाएगी। सीकर रेलवे स्टेशन पर बनेगी नई पिट लाइन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीकर रेलवे स्टेशन पर नई पिट लाइन के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पिट लाइन बनने से ट्रेनों की सफाई, अनुरक्षण, तकनीकी जांच और रखरखाव की सुविधाएं मजबूत होंगी, जिससे स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। साथ ही भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को विस्तार देने में मदद मिलेगी। सप्ताह में छह दिन चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा-खातीपुरा (जयपुर) अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। ट्रेन संख्या 19725 खातीपुरा से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन रात 10:30 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रात 12:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 19726 दरभंगा से रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। नई ट्रेन में 8 स्लीपर और 11 जनरल कोच लगाए गए हैं। इससे उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। नई ट्रेन के शुरू होने से राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा तथा रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सीएम बोले- बिहार के लिए ट्रेन की मांग हुई पूरी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा – बिहार के लिए एक ट्रेन की मांग काफी समय से थी, वह आज पूरी हो रही है। जब मैं बिहार गया था तो काफी सारे लोगों की मांग थी कि जयपुर से दरभंगा के लिए डायरेक्ट ट्रेन होनी चाहिए। यह ट्रेन आज से शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा – जयपुर से दरभंगा के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू की जा रही है। खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल शुरू किया गया है। साथ ही कई सारी सुविधाएं रेलवे की ओर से राजस्थान में शुरू की गई है। यह निश्चित रूप से क्षेत्रीय विकास में अहम कड़ी साबित होगा।
