कोटपूतली में जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग की ओर से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम राजकीय पाना देवी कन्या महाविद्यालय, कोटपूतली के प्रांगण में सुबह 06 बजे से 08 बजे तक होगा। इसमें जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया है। आमजन को किया जागरूक योग दिवस समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एडीएम ओमप्रकाश सहारण और आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ. मुकेश कुमार आर्य ने एक ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ई-रिक्शा नगर क्षेत्र में भ्रमण कर नागरिकों को 21 जून के समारोह में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा और योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देगा। नियमित योग अभ्यास के बारे में बताया अधिकारियों ने बताया कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और योग दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लें। विभिन्न गतिविधियां आयोजित आयुर्वेद विभाग द्वारा जिला स्तरीय योग दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिलेभर में योग के महत्व और इसके लाभों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों, संस्थाओं और आम नागरिकों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने का आग्रह किया है।