भीलवाड़ा में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने युवक को घेर लिया, उसके साथ मारपीट की और उसे एक पेड़ से बांध दिया। मारपीट इतनी ज्यादा हुई कि उसकी शर्ट तक फट गई। युवक रोते हुए लोगों से उसे छोड़ने की गुहार लगाता रहा। सूचना मिलने पर प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। यह घटना भीलवाड़ा शहर के आजाद नगर क्षेत्र में बुधवार शाम की है।
फोटोज में देखें…
मोबाइल दुकान से चोरी के शक में पकड़ा गया युवक प्रताप नगर थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया कि मामला शहर के आजाद नगर क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक को पेड़ से बांधकर उसके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि युवक पर एक मोबाइल दुकान से मोबाइल चोरी करने का आरोप था। जैसे ही लोगों को कथित चोरी की जानकारी मिली, मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई और युवक को पकड़ लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। फिलहाल उसे चोरी के शक और बाजार में माहौल बिगाड़ने के लिए शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बरामद मोबाइल किसके हैं, इसकी जांच साइबर एक्सपर्ट की मदद से की जा रही है और उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है। लोगों ने मारपीट कर पेड़ से बांधा भीड़ ने युवक के साथ मारपीट की और बाद में उसे पास में खड़े एक पेड़ से बांध दिया। इस दौरान युवक लोगों से रोते हुए छोड़ने की गुहार लगाता रहा और लगातार यह कहता रहा कि, “ये मोबाइल मेरे हैं।” घटना की सूचना किसी ने प्रताप नगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छुड़ाया सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से तीन मोबाइल और कुछ कैश बरामद हुआ। इसके बाद उसे थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से डिस्टर्ब पाया गया। पूछताछ में उसने तीनों मोबाइल अपने द्वारा खरीदे हुए बताए हैं। कोई लिखित शिकायत नहीं मिली पुलिस को युवक के खिलाफ किसी भी व्यक्ति की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस ने उसे शांति भंग में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि बरामद तीनों मोबाइल की जांच साइबर एक्सपर्ट की मदद से करवाई जा रही है। मोबाइलों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।