दैनिक भास्कर की ओर से बुधवार को जयपुर के महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में CBSE और RBSE बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं में उत्कृष्ट अंक हासिल करने वाले मेधावी स्टूडेंट्स को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर डॉ. राजीव पचार और डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण रहे। समारोह में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स, अभिभावक, शिक्षाविद और स्कूल प्रतिनिधि मौजूद रहे। दैनिक भास्कर के इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करना भी है। यह समारोह 19 जून तक आयोजित किया जाएगा। डॉ. पचार ने कहा कि आज के दौर में साइबर वर्ल्ड जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसका इस्तेमाल सावधानी से करना जरूरी है। इसके सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलू हैं। उन्होंने स्टूडेंट्स को स्क्रीन टाइम कम करने और सोशल मीडिया का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी। अच्छे ग्रुप का चयन करें, नशे से दूर रहें एडिशनल कमिश्नर डॉ. राजीव पचार ने स्टूडेंट्स को कहा- वे अपनी लाइफ के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं। अब कॉलेज जीवन में प्रवेश करने जा रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपने दोस्तों और ग्रुप का चयन बहुत सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की लत से दूर रहें। ऐसे लोगों या ग्रुप्स से भी दूरी बनाएं, जो नशे में शामिल रहते हैं। यदि किसी जगह या माहौल में गलत गतिविधियों की संभावना दिखे तो वहां से तुरंत दूर हो जाना ही सबसे अच्छा विकल्प है। मैं भी पढ़ाई में पीछे चला गया था: प्रशांत किरण डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने कहा- 10वीं और 12वीं की परीक्षा पास करना विद्यार्थियों के जीवन का बड़ा पड़ाव होता है। कॉलेज में प्रवेश के साथ ही करियर और नौकरी को लेकर कई सवाल सामने आने लगते हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि 11वीं तक मैं अच्छा स्टूडेंट था, लेकिन 12वीं में दोस्तों के कारण पढ़ाई पर असर पड़ा। इसके बाद मेरा प्रदर्शन कमजोर हो गया। बाद में मैंने खुद को संभाला, घर लौटकर दोबारा मेहनत की और बेहतर तैयारी के दम पर अच्छे कॉलेज में प्रवेश हासिल किया। मेधावी विद्यार्थियों का किया गया सम्मान समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले चयनित विद्यार्थियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SKIT), आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, आरएस ओनली और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी सहित कई संस्थानों ने आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम में स्पीकर्स ने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने, सकारात्मक सोच रखने और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया। समारोह में मौजूद स्टूडेंट्स ने भी सम्मान पाकर खुशी जताई।
