कई दिनों से भीषण गर्मी, उमस और तपिश से जूझ रहे उदयपुरवासियों को बुधवार शाम मौसम ने बड़ी राहत दी। दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते शहर सहित जिले के अनेक क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने जहां तापमान में गिरावट लाकर लोगों को राहत पहुंचाई, वहीं बापूबाजार में प्रताप जयंती पर लगाया एक स्वागत द्वार तेज हवा के बीच गिर गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में शाम बाद तेज बिजली चमकी और गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली, हालांकि अचानक बरसे बादलों के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। कई लोग दुकानों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर रुककर बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए। बारिश के चलते शहर के कुछ क्षेत्रों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति हुई। 100 फीट रोड, आरके सर्कल पर पानी भर गया। वहीं शहर के कई इलाकों सहित गिर्वा क्षेत्र में बारिश शुरू होते ही कई इलाकों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। इसके बावजूद लंबे समय बाद मिली इस राहत भरी बारिश से आमजन के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। जिले के खेमली, डबोक, जिंक स्मेल्टर, साकरोदा, कुराबड़, सविना, तीतरड़ी, ढोल की पाटी, ढक्कन कोटड़ा, बलिया, भटेवर, खोखरवास, पलाना कलां, महुड़ा और सिंदु सहित कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और पूरे शहर का मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने भी क्षेत्र में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी। तेज हवा से बापू बाजार में गिरा स्वागत द्वार बारिश और तेज हवाओं के बीच शहर के बापू बाजार क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां प्रताप जयंती के मौके पर लगाया गया अस्थायी स्वागत द्वार अचानक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना में तीन से चार दोपहिया वाहन और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि उस समय कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्वागत द्वार को पर्याप्त सहारा नहीं दिया गया था। तेज हवाएं चलने पर भारी-भरकम ढांचा असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। भटेवर और मावली क्षेत्र में भी तेज बारिश वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के भटेवर, खोखरवास और आसपास के गांवों में शाम को मूसलाधार बारिश हुई। भारी वर्षा के कारण नेशनल हाईवे पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। वहीं मावली क्षेत्र के पलाना कलां, महुड़ा और सिंदु गांवों में भी तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम एक्सपर्ट ने तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को उदयपुर में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस.देवड़ा ने बताया कि दक्षिणी पश्चिमी मानसून की गति धीमी होने से मानसून लेट होगा लेकिन राजस्थान मे प्री मानसून की गतिविधियां और पक्षिमी विक्षोभ दोनों के प्रभाव से हल्की खण्ड वर्षा हो रही है। पश्चिमी राजस्थान मे तेजगति से हवा चलने के साथ आंधी और बारिश दोनों साथ हो सकते है।
