दौसा में संदिग्ध नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। देर रात पुलिस द्वारा पकड़े गए देशी घी के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस को नकली घी पैकिंग का इनपुट मिला था, जिसके बाद दबिश देकर मौके से न्यू दीप सागर ब्रांड के 450 ग्राम और 900 ग्राम पैकिंग वाले कुल 168 पैकेट और सरस ब्रांड के 112 पैकेट जब्त कर सीज किए गए हैं। वहीं सप्लायर के कारखाने पर छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में खाली रेपर और पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई, जिससे नकली घी बनाने और ब्रांडेड पैकिंग में बेचने की आशंका गहरा गई है। लैब की रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई पुलिस की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि जब्त किया गया देशी घी निर्धारित मानकों के अनुरूप है या फिर अमानक एवं नकली है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।