झालावाड़ जिले के अकलेरा क्षेत्र के खारपा गांव में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद पति ने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अकलेरा डीवाईएसपी मनोज कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि पति छोटूलाल मीना ने पत्नी बिनी बाई की हत्या की है। इसके बाद उसने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक बिनी बाई के शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा परिजनों के आने के बाद किया जाएगा। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। छोटूलाल मीना को अकलेरा अस्पताल से झालावाड़ रेफर किया गया था, जहां वह अचेत अवस्था में भर्ती है और बयान देने की स्थिति में नहीं है। डीवाईएसपी सोनी के अनुसार, छोटूलाल अपनी पत्नी को अक्सर मारता-पीटता था। बिनी बाई लंबे समय से अपने पीहर में रह रही थी और चार-पांच दिन पहले ही ससुराल लौटी थी। सुबह जब छोटूलाल का भाई घर पहुंचा, तो उसने देखा कि घर में ताला लगा हुआ था और छोटूलाल बाहर घूम रहा था। भाई ने भाभी के बारे में पूछा तो ताला लगा देखा। ताला तोड़ने पर कमरे में बिनी बाई लहूलुहान हालत में मिली। उसके शरीर पर धारदार हथियार से मारपीट के निशान थे। घटना की जानकारी बारां जिले के छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र में महिला के परिजनों को दे दी गई है। अकलेरा थानाधिकारी धर्माराम और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर कार्रवाई की।
