श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर एक कॉलेज स्टूडेंट इलेक्ट्रिक रेल इंजन पर चढ़ गया। स्टूडेंट हाई वोल्टेज लाइन के करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। सूचना पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की टीम इंजन पर चढ़ी और युवक को नीचे उतारकर प्राथमिक उपचार देते हुए एंबुलेंस से जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंची। फिलहाल देवेश की हालत गंभीर है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, घायल युवक देवेश कुमार (22) निवासी कुशलगढ़ (बांसवाड़ा) का रहने वाला है। वह श्रीगंगानगर के महर्षि दयानंद B.Ed कॉलेज में B.Ed फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा है। उसके पास से कॉलेज का आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है। रेलवे पुलिस (RPF) रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है, जिससे पता चल सके कि युवक इलेक्ट्रिक इंजन पर रील या वीडियो बनाने चढ़ा था, या फिर सुसाइड करना चाहता था। मामले में सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।