लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कोटा के दशहरा मैदान में छात्रों से संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में राहुल ने कहा- ये कार्यक्रम कोई राजनीति का कार्यक्रम नहीं है, ये युवाओं, छात्रों की आवाज उठाने का मंच है। आज सिर्फ स्टूडेंट्स और युवाओं की बात होगी। राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा- हिंदुस्तान का एजुकेशन सिस्टम अपने बच्चों को प्रेशराइज (दबाव में) करता है। यह उन्हें स्ट्रेस (तनाव) देता है। यह बच्चों को दबाता और कुचलता है, जो देश के भविष्य के लिए बिल्कुल सही नहीं है। मैं चाहता हूं कि हम सब मिलकर इसके खिलाफ लड़ाई लड़ें, ताकि आगे से किसी भी बच्चे को (आत्महत्या जैसा) ऐसा आत्मघाती कदम न उठाना पड़े। राहुल गांधी ने कहा- देश के युवाओं के पास एजुकेशन में सिर्फ पांच ही ऑप्शन क्यों हैं? हर कोई डॉक्टर या इंजीनियर ही क्यों बनना चाहता है, जबकि और भी कई करियर ऑप्शंस मौजूद हैं। राहुल गांधी ने एक छात्रा का सुसाइड नोट भी दिखाया और कहा- यह आकांक्षा का फेल्योर नहीं है, बल्कि यह हमारे एजुकेशन सिस्टम का फेल्योर है। एयरपोर्ट पर गहलोत-पायलट ने किया स्वागत इससे पहले, राहुल गांधी बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे चार्टर प्लेन से कोटा पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी एयरपोर्ट पहुंचे थे। राहुल जैसे ही एयरपोर्ट लाउंज से बाहर निकले और गाड़ी में बैठने लगे, तो बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें हटाया। राहुल के काफिले को एयरपोर्ट से बाहर निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। कोटा पहुंचने से पहले राहुल ने X पर लिखा था- आज कोटा से हम वो लड़ाई शुरू करेंगे, जिसका एक ही मकसद है- किसी बच्चे के सपने ऐसे टूटने न पाएं। किसी मां-बाप को फिर कभी अपने बच्चे को इस तरह खोना न पड़े। हर परिवार की यह पीड़ा अब ‘छात्रों की गूंज’ बनकर पूरे देश में गूंजेगी राहुल के एयरपोर्ट पहुंचने की PHOTOS… … राहुल गांधी के राजस्थान दौरे के पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…
