श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास अयोध्या के कोषाध्यक्ष और श्री कृष्ण जन्मभूमि न्यास मथुरा के उपाध्यक्ष स्वामी गोविन्द देव गिरी भीलवाड़ा आएंगें। वे 18 और 19 जून को 2 दिवसीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तेरापंथ नगर स्थित सभागार में रात्रिकालीन प्रवचन होंगे और 19 जून की सुबह ए.बी.माहेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट भीलवाड़ा द्वारा नवनिर्मित प्रभुलाल जगदीशप्रसाद सोमानी माहेश्वरी हॉस्टल का शुभारंभ होगा। आयोजक ए.बी.माहेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट भीलवाड़ा के संचालक जगदीश प्रसाद, नवनीत कुमार, श्लोक सोमानी परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। सफल जीवन जीने की कला पर देंगे प्रवचन
ट्रस्ट के श्याम सुंदर सोमानी ने बताया कि देश में 50 से अधिक प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं का मार्गदर्शन करने वाले धर्म गुरू स्वामी गोविन्द देव गिरी के भीलवाड़ा आने के बाद 18 जून को शाम 7 से रात 9 बजे तक और 19 जून को रात 8 से 10 बजे तक प्रवचन चित्तौड़ रोड़ आरओबी के पास स्थित तेरापंथ नगर सभागार में आयोजित किए जाएंगे। स्वामी गोविन्द देव गिरी जीवन प्रबंधन, सुखी जीवन, सफल जीवन जीने की कला पर प्रवचन देंगे। इनके माध्यम से वह बताएंगे समय, संकल्प और संतुलन सफल जीवन की नींव है। 19 जून को छात्रावास का उद्घाटन
19 जून को सुबह 9 बजे भीलवाड़ा में 200 फीट रिंग रोड पर अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के तत्वावधान में ए.बी.माहेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट भीलवाडा द्वारा नवनिर्मित प्रभुलाल जगदीश प्रसाद सोमानी माहेश्वरी छात्रावास का उद्घाटन करेंगे। आयोजन में मुख्य अतिथि सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश और भारतीय विधि आयोग के अध्यक्ष दिनेश माहेश्वरी होंगे। विशिष्ट अतिथि प्रमुख उद्योगपति व समाजसेवी रामपाल सोनी एवं अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा होंगे। 104 छात्रों के लिए रहने की सुविधा
उन्होंने बताया कि 104 छात्रों की आवास की क्षमता वाले करीब 15 करोड़ की लागत से नवनिर्मित 6 मंजिला छात्रावास में एसी रूम, भोजन कक्ष, कैफेटेरिया, कम्प्यूटर लैब, 100 छात्रों की क्षमता वाला हॉल, सीसी टीवी कैमरा, दो लिफ्ट आदि की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इसे सामाजिक स्तर पर लागत मूल्य पर संचालित किया जाएगा। ट्रस्टी श्लोक सोमानी ने बताया कि छात्रावास संचालन का मुख्य उद्देश्य भीलवाड़ा में उच्च अध्ययन एवं प्रोफेशनल कोर्सेज की कोचिंग व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आने वाले माहेश्वरी समाज के छात्रों को कम लागत मूल्य पर बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सभी सुविधायुक्त आवास सुविधा उपलब्ध कराना है।