सीआईडी इंटेलीजेंस राजस्थान ने एक पाकिस्तानी जासूस को मंगलवार को अरेस्ट किया है। वह पिछले 2 साल से पाक हैण्डलर्स से पिछले के कॉन्टैक्ट में था। मेन रोड पर चाय शॉप खोलकर सेना के मुवमेंट के वीडियो वह पाक हैण्डलर्स को भेजता था। एडीजी (पुलिस इन्टेलीजेन्स) प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि पाकिस्तानी गुप्तचर एजेन्सियों की ओर से राजस्थान में की जाने वाली जासूसी गतिविधियों पर सीआईडी इन्टेलीजेन्स राजस्थान निगरानी रखे हुए है। निगरानी के दौरान जानकारी में आया कि मुस्ताक अली (26) पुत्र नबी बक्श निवासी हिगोला की ढाणी खारिया नाचना जैसलमेर की गतिविधियां संदिग्ध है। टीम की ओर से उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच में सामने आया कि आरोपी मुस्ताक अली सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेन्सी के हैण्डलर्स से लगातार कॉन्टैक्ट में है। संदिग्ध जासूस मुस्ताक अली को पकड़ केन्द्रीय पूछताछ केन्द्र जयपुर पर विभिन्न आसूचना एजेन्सियों की ओर से संयुक्त पूछताछ की गई। पूछताछ व मोबाइल एनालासिस में पाया गया कि आरोपी मुस्ताक अली पिछले 2 साल से पाक एजेंसी के हैण्डलर्स के कॉन्टैक्ट में है। बॉर्डर की ओर जाने वाली मेन रोड पर चाय की शॉप खोलकर उसे बीएसएफ व सेना के मूवमेंट पर निगरानी रखने का टास्क दिए गए थे। दिए टास्क पर वह शॉप की आड़ में बीएसएफ व सेना के मूवमेंट की निगरानी के साथ वीडियो/फोटो बनाकर पाक हैण्डलर्स को भेज रहा था। इसक बदले पाक हैण्डलर्स की ओर से रुपए लेता था। फिलहाल गिरफ्तार पाक जासूस से पूछताछ की जा रही है।