पाली में बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंचने के बाद खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला घायल हो गई। घायल महिला का बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज जारी है। हादसा पाली-जोधपुर हाईवे पर मंडिया बाइपास के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। दो की मौत, एक महिला घायल सदर थाना SHO कपूराराम ने बताया – हादसे में जोधपुर के पनवड़ निवासी कोषा (50) पत्नी पावन कुमार और आनंद कुमार (55) पुत्र हजारीलाल की मौत हो गई। दोनों के शव बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। वहीं आशा पत्नी (50) आनंद कुमार घायल हो गईं, जिनका उपचार चल रहा है। डिवाइडर से टकराकर खाई में पलटी कार पुलिस के अनुसार जोधपुर से पाली की ओर आ रही कार मंडिया बाइपास के पास बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची और सड़क किनारे खाई में पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। जोधपुर से सिरोही जा रहे थे तीनों प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों जोधपुर से सिरोही जा रहे थे। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा अचानक वाहन के सामने किसी मवेशी के आने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। मामले की जांच जारी है। एसडीएम भी पहुंचे अस्पताल हादसे की सूचना मिलने पर पाली एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत भी बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। वहीं मौके पर पहुंचे एएसआई मोहनलाल गुर्जर ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
