दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान एक पैसेंजर की तबीयत बिगड़ गई। पैसेंजर की स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित की और जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया। दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-322 दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान एक पैसेंजर की तबीयत खराब हो गई। विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स ने प्राथमिक स्तर पर पैसेंजर को सहायता उपलब्ध कराई, लेकिन स्वास्थ्य स्थिति में सुधार नहीं होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर नजदीकी एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति मांगी गई। मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए विमान को प्राथमिकता देते हुए जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति दी गई। फ्लाइट ने रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के उतरते ही पहले से तैयार मेडिकल टीम और एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार बीमार पैसेंजर को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। पैसेंजर को अस्पताल पहुंचाने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद फ्लाइट को दोबारा उड़ान के लिए तैयार किया गया। इसके बाद इंडिगो की फ्लाइट रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर पैसेंजर्स को लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गई। — ये खबर भी पढ़ें… दिल्ली के खराब मौसम का जयपुर में दिखा असर:4 फ्लाइट डायवर्ट होकर सांगानेर एयरपोर्ट पहुंची, पैसेंजर्स होते रहे परेशान दिल्ली में देर रात खराब मौसम के कारण एयर ट्रैफिक प्रभावित हो गया। तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के चलते कई फ्लाइट्स की दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग नहीं हो सकी। ऐसे में सुरक्षा कारणों से चार फ्लाइट्स को डायवर्ट कर जयपुर एयरपोर्ट भेजा गया। (पूरी खबर पढ़ें)
