लुधियाना के ढिल्लों नगर इलाके में सोमवार को मोबाइल फोन को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान 31 वर्षीय करनजीत सिंह निवासी बसंत नगर, लोहारा के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान अर्जुन के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करनजीत सिंह अपने चचेरे भाई गुरिंदर सिंह के साथ जा रहा था। इसी दौरान ढिल्लों नगर में उनकी मुलाकात अर्जुन से हुई। बातचीत के दौरान मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। गुरिंदर सिंह ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान अर्जुन ने पहले करनजीत पर ईंट से हमला करने की कोशिश की। जब गुरिंदर ने उसे बचा लिया तो आरोपी ने चाकू निकाल लिया और करनजीत के सीने में वार कर दिया। मौके पर ही हुई मौत चाकू लगने के बाद करनजीत मौके पर ही गिर पड़ा। गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने दबोचा थाना डाबा के एसएचओ परमदीप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। पहले भी चोरी के मामले में दर्ज है केस पुलिस के मुताबिक आरोपी अर्जुन के खिलाफ पहले भी चोरी का एक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।