जयपुर में 5 साल की मासूम की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पड़ोसी महिला ने पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अपने पति की पड़ोसी महिला (बच्ची की मां) से हंस-हंसकर बात करने की आदत से चिढ़ने और जलन के कारण उसने मासूम बच्ची को निशाना बनाया था। आरोपी महिला बच्ची की मां को रोते हुए देखना चाहती थी, इसी के चलते उसने बच्ची को कंबल में लपेटकर जिंदा ही दीवान(बेड) के बॉक्स में बंद कर दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस को गुमराह करने और बचने के लिए उसने पिछले तीन महीनों से यूट्यूब और फेसबुक पर मर्डर मिस्ट्री के वीडियो देखे थे। उन्हीं वीडियो से सीखकर वह रात के अंधेरे में बच्ची के कपड़े उतारकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बना रही थी। पड़ोसी महिला से पूछताछ में सामने आईं ये 5 बड़ी बातें: 1. पति और बच्ची की मां की बातचीत से होती थी जलन डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- मासूम की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पड़ोसी महिला ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया- मेरा पति और बच्ची की मां आपस में हंस-हंसकर बात करते थे। उनकी इस बातचीत से मुझे बेहद चिढ़ और जलन होती थी। मुझे डर था कि कहीं मैं अपने पति को खो न दूं, इसलिए मैं महिला से नफरत करने लगी। मैं अपने पति और उस महिला का तो कुछ बिगाड़ नहीं सकती थी, इसलिए मैंने उसकी मासूम बच्ची को निशाना बनाया। मैं उसकी मां की आंखों में जिंदगी भर के आंसू देखना चाहती थी, इसलिए पिछले करीब तीन महीने से बच्ची को मारने का मौका ढूंढ रही थी। 2. तीन महीने में देखे मर्डर मिस्ट्री के सैकड़ों वीडियो पूछताछ में सामने आया कि पिछले तीन महीने से वह बच्ची को मारने की योजना बना रही थी। इसके लिए उसने यूट्यूब और फेसबुक पर मर्डर मिस्ट्री और अपराध से जुड़े सैकड़ों वीडियो देखे। वह सोशल मीडिया पर ज्यादातर समय पुलिस से बचने के तरीकों और क्राइम सीन से जुड़े वीडियो देखने में बिताती थी। 3. टीवी की आवाज तेज कर बच्ची को कमरे में बुलाया पूछताछ में सामने आया कि हत्या वाले दिन जब मासूम अन्य बच्चों के साथ आरोपी के घर आई, तो उसे मौका मिल गया। उसने बाकी बच्चों को टीवी देखने के लिए बैठा दिया और टीवी की आवाज काफी तेज कर दी ताकि किसी को कोई आवाज सुनाई न दे। इसके बाद वह बच्ची को बहला-फुसलाकर दूसरे कमरे में ले गई। 4. दीवान बेड में बंद कर घोंटा दम, फिर परिजनों के साथ ढूंढने का नाटक किया महिला ने पुलिस का बताया- कमरे में ले जाकर उसने बच्ची से नहलाने की बात कही और उसके कपड़े उतार दिए। इसके बाद उसने बच्ची को कंबल में लपेटा और हॉल में रखे दीवान बेड के बॉक्स के अंदर जिंदा लेटा दिया। उसने बच्ची से कहा कि यह एक खेल है और उसे चुप रहना है। इसके बाद उसने दीवान का प्लाईबोर्ड बंद कर दिया। भीषण गर्मी और दम घुटने के कारण कुछ ही देर में मासूम की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी महिला दीवान बंद कर बच्ची के परिजनों के साथ उसे ढूंढने का नाटक करने लगी। 5. पुलिस को गुमराह करने के लिए उतारे थे कपड़े पूछताछ में आरोपी ने बताया- बच्ची के कपड़े उतारने के पीछे एक बड़ी साजिश थी। सोशल मीडिया पर पुलिस से बचने के तरीकों वाले वीडियो देखकर उसने यह योजना बनाई थी। वह चाहती थी कि रात के अंधेरे में शव को घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे या किसी खाली जगह पर फेंक दे। कपड़े न होने के कारण पुलिस का शक किसी युवक पर जाता और कोई यह नहीं सोचता कि इस हत्या के पीछे किसी महिला का हाथ हो सकता है। बच्ची की हत्या से जुड़ी ये 2 खबरें भी पढ़िए…