भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं किशनगढ़बास के पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने ग्राम पंचायत कोलगांव में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा भी की। शिविर के दौरान पूर्व विधायक ने ग्रामीणों से क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। जल संकट से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। ग्रामीणों द्वारा पेयजल संबंधी शिकायतें बताए जाने पर पूर्व विधायक ने मौके पर ही जलदाय विभाग के अधिकारियों से बात की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए दो नए बोरवेल खोदे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देखी
यादव ने कृषि विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिले और कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की जानकारी ग्रामीणों को दी और पात्र परिवारों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया। योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही की शिकायतों पर उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ दिलाने के निर्देश दिए। पूर्व विधायक यादव ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता में है। ग्रामीण सेवा शिविर में उपखंड अधिकारी सत्यवीर सिंह यादव, नायब तहसीलदार, विद्यालय प्रधानाचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे।
