स्टूडेंट ने इंस्टाग्राम पर रील देखकर पंडित से कॉन्टैक्ट किया था। पंडित ने छात्र के परिवार की परेशानियां दूर करने का झांसा देकर 44 हजार रुपए ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, आरोपी पंडित ने छात्र को डराते हुए कहा- तुम्हारे परिवार पर किसी ने तांत्रिक क्रिया करवा रखी है। अगर पूजा नहीं कराई, तो तुम्हारे परिवार वालों की जान को खतरा हो सकता है। जब आरोपी ने दोबारा छात्र से परिवार की परेशानियां दूर करने का झांसा देकर मध्य प्रदेश में पूजा कराने के नाम पर 80 हजार रुपए और सोने के आभूषण मांगे, तो छात्र को ठगी का शक हुआ। छात्र ने जब अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने लौटाने से साफ इनकार कर दिया। मामला जोधपुर शहर के महामंदिर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- जोधपुर में रहकर पढ़ाई करने के साथ-साथ नौकरी भी करता है। उसके परिवार में कुछ समस्याएं चल रही थीं, जिनके समाधान के लिए उसने इंस्टाग्राम पर रील देखकर उक्त कथित पंडित से संपर्क किया था। फिलहाल, पुलिस ने कोर्ट के आदेश (इस्तगासे) पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब 3 पॉइंट में समझिए पूरा मामला… 1. रील देखने के बाद ऑफिस बुलाया पीड़ित ने बताया- मेरे पिता लाइट फिटिंग का काम करते हैं। जनवरी 2026 में मैंने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी थी। इस रील पर दिए गए नंबर पर जब मैंने कॉन्टैक्ट किया, तो मुझे शहर के पावटा स्थित ऑफिस बुलाया गया। यहां कथित पंडित ने पारिवारिक समस्या बताते हुए हवन के नाम पर 16 हजार रुपए देने की बात कही। पंडित ने दावा किया कि इससे सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। छात्र ने मार्च 2026 में फोनपे से रुपए ट्रांसफर कर दिए। रुपए लेने के बाद आरोपी ने कहा कि एक सप्ताह में इस पूजा से सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। 2. दोबारा कॉल कर कहा- परिवार पर तांत्रिक क्रिया की है, जान को खतरा पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- मार्च के अंतिम सप्ताह में आरोपी ने उसे दोबारा कॉल किया और कहा कि परिवार पर किसी ने तांत्रिक क्रिया की हुई है। इसके लिए उज्जैन में अलग से पूजा करनी पड़ेगी, जिसका खर्च 28 हजार रुपए आएगा। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने डराते हुए कहा- यदि पूजा जल्दी नहीं करवाई तो परिवार वालों की जान को खतरा हो सकता है। इस डर के मारे छात्र ने दोबारा 28 हजार रुपए फोनपे पर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने दावा किया कि वह 2 दिन में सभी समस्याओं को खत्म कर देगा। 3. अप्रैल में दोबारा फोन कर ऑफिस बुलाया, सोने की ज्वेलरी मांगी पीड़ित ने कहा- अप्रैल महीने में आरोपी ने उसे दोबारा ऑफिस बुलाया और कहा कि मध्य प्रदेश में एक और पूजा करवानी होगी, जिसका खर्च 80 हजार रुपए आएगा। आरोपी ने कहा- यदि रुपये नहीं हैं, तो 5 ग्राम सोने का पेंडेंट बनाकर दे दो, ताकि पूजा कर उसका विसर्जन कर दिया जाए। इससे तुम्हारा काम भी हो जाएगा और समस्या भी खत्म हो जाएगी। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- इस बार उसे ठगी का शक हुआ। जब उसने पूजा से कोई फायदा न होने की बात कहकर अपने रुपए वापस मांगे, तो आरोपी ने लौटाने से साफ मना कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि घर की समस्याओं को दूर करने और पूजा कराने के नाम पर उससे रुपए ऐंठकर धोखाधड़ी की गई है। थानाधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया- स्टूडेंट ने रील देखकर एक पंडित से संपर्क किया था। पंडित ने उज्ज्वल भविष्य का झांसा देकर स्टूडेंट से पैसे ऐंठ लिए। ऐसे लोग जो ठगी करते हैं, वे पहले आम लोगों को डर दिखाते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
