जयपुर के मालपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को रात एक व्यक्ति ने सांगा सेतु पुलिया से द्रव्यवती नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक हाथ में मोबाइल लिए पुलिया की रेलिंग पर चलता दिखाई दे रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला। फिलहाल मृतक की पहचान और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मालपुरा क्षेत्र में बीती रात करीब 9 बजे सांगा सेतु पुलिया पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति द्रव्यवती नदी में कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक हाथ में मोबाइल लेकर पुलिया की रेलिंग पर चलते हुए नदी के बीच हिस्से तक पहुंचा। शुरुआत में लोगों को उसकी मंशा का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन अचानक उसने रेलिंग पार कर नदी में छलांग लगा दी। यहां देखें तस्वीरें मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने के लिए आवाजें लगाईं और बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक वह नदी में कूद चुका था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मालपुरा थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 1 घंटे चले अभियान के बाद व्यक्ति का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया। मालपुरा गेट थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि मृतक स्थानीय इलाके में कारिगर या मिस्त्री का काम करता था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल भेज दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।