बांसवाड़ा के पालोदा, घाटोल और आस-पास के दर्जनों गांवों में शनिवार को लोगों को भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (RRVPNL) द्वारा ग्रिड सब स्टेशनों पर आवश्यक रख-रखाव (मेंटेनेंस) और 132 केवी बांसवाड़ा लाइन पर आ रहे पेड़ों की छंटाई का काम किया जाएगा। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक इस तकनीकी कार्य के चलते क्षेत्र में सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुल 5 घंटे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। पावर कट के कारण पालोदा और घाटोल ग्रिड सबस्टेशन से जुड़े सभी मुख्य 33 केवी फीडर प्रभावित होंगे। इनमें मुख्य रूप से पालोदा, गनोड़ा, अरथूना, पिंडावल, घाटोल, सेनावासा, खमेरा और पीपलखूंट सहित इनसे जुड़े ग्रामीण इलाके शामिल हैं। आवश्यक काम निपटा लें विद्युत विभाग के पालोदा क्लस्टर सहायक अभियंता ने बताया कि मानसून से पहले निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह रखरखाव बेहद जरूरी है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सुबह 7 बजे से पहले ही पानी भरने और घरेलू व व्यावसायिक उपयोग से जुड़े अपने आवश्यक काम निपटा लें, ताकि इस 5 घंटे की कटौती के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्य पूरा होते ही सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
