खैरथल नगर परिषद राज्य सरकार के निर्देश पर “शहरी सेवा शिविर 2026” का आयोजन कर रही है। यह शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदनों के निस्तारण के उद्देश्य से 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलेगा। नगर परिषद सभागार में होगा शिविर नगर परिषद खैरथल के आयुक्त ने बताया कि ये शिविर प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक नगर परिषद सभागार में आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित वार्डों के निवासियों के विभागीय कार्यों, शिकायतों और जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी स्वीकार कर उनका निस्तारण किया जाएगा। वार्डवार लगेंगे शिविर शिविरों का आयोजन वार्डवार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। 12 जून को वार्ड संख्या 6, 7 और 8 के लिए शिविर लगेंगे। इसके बाद, 15 व 16 जून को वार्ड संख्या 9, 10, 11, 12 और 13; 18 व 19 जून को वार्ड संख्या 15, 16, 17 और 18; 22 व 23 जून को वार्ड संख्या 27, 28, 29 और 30; 24 व 25 जून को वार्ड संख्या 31, 32, 33, 34 और 35; तथा 29 व 30 जून को वार्ड संख्या 36, 37, 38, 39 और 40 के लिए शिविर आयोजित होंगे। जुलाई माह में, 1 व 2 जुलाई को वार्ड संख्या 43, 44 और 45 के लिए शिविर होंगे। 3 जुलाई को वार्ड संख्या 14 और 19, जबकि 6 व 7 जुलाई को वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4 और 5 के लिए शिविर लगेंगे। 8 से 10 जुलाई तक वार्ड संख्या 20, 21, 22, 23, 24, 25 और 26 के निवासियों के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। अंत में, 13 से 15 जुलाई तक फॉलोअप शिविरों के माध्यम से लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। योजनाओं का लाभ उठाने की अपील नगर परिषद ने संबंधित वार्डों के नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित होकर अधिक से अधिक संख्या में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं।
