धौलपुर जिले के बसेड़ी क्षेत्र में अवैध लाल बजरी खनन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बसेड़ी-सैंपऊ मार्ग पर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार लेबड़ा पुलिस चौकी को गुलावली गांव के समीप पार्वती नदी के बीहड़ों में अवैध लाल बजरी खनन की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंची। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही खनन कार्य में लगे लोग अपने वाहनों के साथ मौके से भागने लगे। इसी दौरान रतनपुर के जंगल क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रतनपुर निवासी दीपक पुत्र अशोक सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के कारण दीपक की जान गई है। उन्होंने इसे हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना से प्रभावित ग्रामीणों ने रतनपुर गांव के पास बसेड़ी-सैंपऊ मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। हालात को नियंत्रित करने के लिए आसपास के आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। धौलपुर मुख्यालय से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए और स्थिति पर नजर बनाए रखी। प्रशासन और पुलिस अधिकारी ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर जाम खुलवाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास करते रहे। क्षेत्र में पुलिस बल एहतियातन तैनात रहा।
