अलवर शहर के MIA में ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास बाइक सवार एक युवक को कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद कार ड्राइवर फरार हो गया। मौके पर गंभीर हालत में युवक पड़ा रहा। काफी भीड़ एकत्र हो गई। अलवर के ट्रांसपोर्ट व्यापारी सुरेश मेहता गंभीर घायल युवक को खुद की कार से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर कर दिया। वहीं देर शाम तक युवक की पहचान नहीं हो सकी। घायल युवक के हाथ पर मनोज राजोरिया लिखा है। वहां पड़ी मिली बाइक का नंबर RJ02 BA 0291 है। व्यापारी ने अस्पताल में कराया भर्ती बीजेपी नेता और ट्रांसपोर्ट व्यापारी सुरेश मेहता ने बताया- मैं एमआईए के ऑफिस से अलवर की तरफ आ रहा था। रास्ते में रोड पर भीड़ एकत्र थी। बीच में एक युवक रोड पर पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था। एक्सीडेंट का पता चलते ही युवक को खुद की कार से अलवर लेकर आया। यहां वन मंत्री संजय शर्मा के पीए मनोज शर्मा से बात कर तुरंत युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक गंभीर घायल था। इस पर डॉक्टर ने उसे अलवर से जयपुर रेफर कर दिया। पुलिस अभी युवक के परिजनों का पता करने में लगी है।