भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत पहुंचाने और सेवा की भावना को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए जयपुर नगर निगम ने निर्जला एकादशी पर विशेष पहल की है। नगर निगम की ओर से आगामी 25 जून को पूरे शहर में अमृत सेवा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत अलग – अलग स्थानों पर सेवा शिविर लगाकर राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को शीतल पेयजल, शरबत, जूस, छाछ और फलाहार वितरित किया जाएगा। नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याण और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की सोच से प्रेरित होकर इस अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसका उद्देश्य निर्जला एकादशी को केवल धार्मिक आस्था तक सीमित न रखकर उसे सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में स्थापित करना है। इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों को भी जोड़ा है। हमारा प्रयास है कि सामूहिक प्रयासों से शहर के अधिकाधिक क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि शहरभर में स्थापित किए जाने वाले सेवा शिविरों में गर्मी से राहत देने वाले पेय पदार्थों के साथ फलाहार का भी वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही इस अभियान के संचालन में सामाजिक संगठनों की सक्रिय भूमिका रहेगी।
निगम कमिश्नर ने बताया कि नगर निगम ने अभियान से जुड़ने के इच्छुक लोगों के लिए विशेष पंजीकरण व्यवस्था भी शुरू की है। इच्छुक नागरिक, संस्थाएं और संगठन www.amritseva.in](http://www.amritseva.in) पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके साथ ही निगम की ओर से जारी किए गए QR कोड को स्कैन कर भी आसानी से पंजीकरण कराया जा सकता है।
पंजीकरण और स्थान आवंटन के बाद नगर निगम की ओर से सेवा शिविरों के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें कैनोपी, कुर्सियां, टेबल, पंखे, फ्रंट ब्रांडिंग बैनर और सामान्य स्वच्छता संबंधी सहयोग शामिल है। इससे सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों को शिविर संचालन में सुविधा मिलेगी।
बुधवार को निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने आम जनता, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा, सहयोग और मानवता पर आधारित यह अभियान समाज में संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करेगा। साथ ही भीषण गर्मी के दौरान जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
