स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग लोहावट की ओर से पंचायत समिति लोहावट के सभागार में स्वास्थ्यकर्मियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को सुदृढ़ करना था। प्रशिक्षण में ब्लॉक क्षेत्र के सभी मेडिकल अधिकारी, सीएचओ, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. कीर्ति पटेल ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की नवीनतम गाइडलाइन, वैक्सीन प्रबंधन, कोल्ड चेन रखरखाव, माइक्रोप्लानिंग और गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण सेवाओं के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों और गर्भवती महिलाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए टीकाकरण जरूरी बैठक की अध्यक्षता हजारी मल सोनी और डॉ. धीरज बिस्सा ने की। इस अवसर पर आरसीएचओ फलोदी ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि उनके कार्यक्षेत्र में कोई भी पात्र बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। ऑनलाइन रिकॉर्डिंग और जीरो डोज टीकाकरण पर जोर आरसीएचओ ने टीकाकरण सत्रों की गुणवत्ता, प्रभावी मॉनिटरिंग और समयबद्ध रिपोर्टिंग के महत्व पर विशेष बल दिया। वहीं, यूनिसेफ के जीरो डोज टीकाकरण कार्यक्रम के सीएसओ पार्टनर शिव शिक्षा समिति के जिला समन्वयक ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से सत्र वाले दिन प्रत्येक लाभार्थी का ऑनलाइन पंजीकरण करने, पुराने डेटा को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपडेट करने तथा जीरो डोज बच्चों और परिवारों तक पहुंचकर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का आग्रह किया। कोल्ड चेन प्रबंधन और तकनीकी विषयों पर हुई चर्चा रिव्यू बैठक में यूनिसेफ ब्लॉक समन्वयक लोहावट ने कम्युनिकेशन प्लान प्रस्तुत किया तथा योजना के अनुसार फील्ड स्तर पर गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान वैक्सीन की सुरक्षित उपलब्धता, कोल्ड चेन प्रबंधन, वैक्सीन हैंडलिंग, माइक्रोप्लानिंग, टीकाकरण सत्र आयोजन, ई-रिकॉर्डिंग और रिपोर्टिंग सहित विभिन्न तकनीकी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। फील्ड स्तर की चुनौतियों के समाधान बताए कार्यशाला में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विशेषज्ञों ने फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर मार्गदर्शन प्रदान किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।