डूंगरपुर में राजीविका द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में ‘नारी चौपाल नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी सक्रिय भागीदारी व सशक्तिकरण पर बल देना था। इस दौरान लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत महिलाओं को चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर देशलदान, जिला परिषद सीईओ हनुमान सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पटेल और निवर्तमान सभापति अमृत कलासुआ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। चौपाल में ‘राजीविका’ (राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद) के विभिन्न प्रकल्पों, स्वयं सहायता समूहों (CLF), वंदन केंद्रों और आंगनवाड़ी से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने अपने संघर्ष और सशक्तिकरण की प्रेरक कहानियां भी साझा कीं। इस अवसर पर लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत पांच महिलाओं को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला कलेक्टर देशलदान ने अपने संबोधन में कहा कि चौपाल में उपस्थित महिलाएं समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो यह दर्शाती हैं कि घर से बाहर निकलकर प्रयास करने से बहुत कुछ हासिल किया जा सकता है। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए महिलाओं, बच्चों और परिवारों की प्रगति को अनिवार्य बताया। कलेक्टर ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे जयघोषों का उदाहरण देते हुए नारी को सृष्टि की जननी, पोषक और संचालक बताया। कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने, महिलाओं की आय बढ़ाने, उनके सामाजिक और आर्थिक उत्थान के साथ-साथ उन्हें पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया गया।