दौसा कोतवाली थाना पुलिस ने स्कार्पियो चोरी करने वाले गिरोह के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सुनील मीना (24) निवासी काटवाड़ी, थाना राजगढ़,.अलवर को जयपुर केंद्रीय जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। स्कॉर्पियो चोरी के मामले में गिरफ्तारी पुलिस के अनुसार 23 मई को गणेश नगर निवासी सुनील शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। वारदात सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने दौसा, बस्सी, कानोता, जयपुर, बगरू, किशनगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों के करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। वहीं चोरी में प्रयुक्त वेन्यू कार की तलाश के लिए करीब 200 अन्य सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। साइबर सेल और डीएसटी ने तकनीकी एवं मैन्युअल सूचना जुटाकर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पहले आरोपी योगेश मीना को गिरफ्तार कर चोरी की गई स्कॉर्पियो बरामद की गई थी। इसके बाद फरार चल रहे आरोपी सुनील मीना को गिरफ्तार किया गया। ईसीएम मशीन से तोड़ते थे वाहन का कोड पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी ईसीएम मशीन की मदद से वाहन का कोड तोड़कर सेंसर को निष्क्रिय कर देते थे, जिससे चोरी के दौरान वाहन से आवाज नहीं होती थी। वारदात के बाद आरोपी टोल प्लाजा से बचते हुए कच्चे रास्तों का उपयोग करते थे। चोरी किए गए वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर फर्जी नंबर लगाए जाते थे और वाहन का रंग भी बदल दिया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
