जयपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जयपुर शहर की मासिक संगठनात्मक बैठक का आयोजन शहर कार्यालय में किया गया। शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठनात्मक कार्यों की रणनीति पर मंथन हुआ। साथ ही संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा- हाल ही आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के तहत जयपुर शहर का प्रशिक्षण वर्ग पूरे राजस्थान में सर्वश्रेष्ठ रहा। संगठन के सभी मानकों पर खरा उतरने के लिए उन्होंने मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के समर्पण व टीम भावना की सराहना की। गोयल ने कहा कि जब प्रत्येक कार्यकर्ता श्रेष्ठ कार्य का संकल्प लेता है, तो असंभव लक्ष्य भी आसान हो जाते हैं। बैठक के दौरान संगठन के विस्तार को लेकर कई सांगठनिक मुद्दों पर समीक्षा की गई। कार्यकारिणियों का गठन जल्द: जिन मंडलों में अभी कार्यकारिणी का गठन शेष है। वहां जिलाध्यक्ष ने जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। निचले स्तर तक विस्तार: शक्ति केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, बूथ स्तर पर पैठ बढ़ाने और वार्ड स्तर पर सांगठनिक ढांचे को और मजबूत करने की योजना पर चर्चा हुई। योजनाओं का प्रचार-प्रसार: सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत: अजीत मंडल बैठक में मुख्य वक्ता अजीत मंडल ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा- भाजपा विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है। इसकी वास्तविक शक्ति इसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण और पार्टी की विचारधारा को हर वर्ग तक ले जाने पर विशेष जोर दिया। भाजपा जयपुर शहर के मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी (अग्रवाल) ने बताया- इस बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, जिला महामंत्री नवरत्न नाराणिया, रेखा राठौड़, राजेश तांबी और जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुरुवंशी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
