राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार शाम 7 बजे पूंछरी का लौठा पहुंचे। पहुंचने पर लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री पूंछरी स्थित श्रीनाथजी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता शर्मा द्वारा श्रद्धा के साथ दंडवत परिक्रमा की जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भी धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कार्यक्रम के तहत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार सुबह श्रीनाथजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक करेंगे। इस धार्मिक अनुष्ठान में संत-महंतों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रहने की संभावना है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मंगलवार दोपहर बाद जयपुर के लिए रवाना होंगे। उनके इस धार्मिक प्रवास को ब्रज क्षेत्र की आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण दौरा माना जा रहा है।