जयपुर में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में अग्रवाल समाज करौली ने मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि मृतका मूल रूप से सवाई माधोपुर की निवासी थी और वर्तमान में जयपुर में रह रही थी। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रतापनगर थाने में दर्ज एफआईआर में नामजद युवक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल नंबर और एआईएस रेजीडेंसी से जुड़े कनेक्शन की भी गहन जांच कराने की मांग रखी गई। समाज ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर मृतका को न्याय दिलाने पर जोर दिया। अग्रवाल समाज ने मृतका का मेडिकल बोर्ड गठित कर दोबारा पोस्टमार्टम करवाने की भी मांग की है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मामले की जांच कम से कम एएसपी रैंक के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराई जाए और इसकी निगरानी जयपुर पुलिस आयुक्त स्तर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के निर्देशन में हो। ज्ञापन सौंपते समय अग्रवाल समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
