फलोदी की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने चार साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी हजारी सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के चार मामलों में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। फलोदी और नागौर पुलिस ने घोषित किया था इनाम एसपी सतनाम सिंह ने बताया- गिरफ्तार आरोपी हजारी सोनी निवासी करनू, नागौर वर्तमान में धोलाबाला फलोदी में रह रहा था। वह एनडीपीएस एक्ट के चार अलग-अलग मामलों में फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर फलोदी एसपी ने 10 हजार रुपए और नागौर एसपी ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। डीएसटी को सूचना मिली थी कि आरोपी नागौर जिले के भोजास गांव में छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर डीएसटी टीम ने सुबह करीब 5 बजे गांव के बाहर स्थित एक मकान पर दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भोजासर पुलिस को सौंप दिया। लगातार बदल रहा था ठिकाने पूछताछ के दौरान आरोपी हजारी सोनी ने खुलासा किया कि फरारी के समय वह कभी भी एक-दो दिन से अधिक किसी एक स्थान पर नहीं रुकता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह केवल कुछ करीबी परिजनों के संपर्क में रहता था। उसने अपनी फरारी का अधिकांश समय भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बिताया। पुलिस ने बताया- हजारी सोनी एक आदतन मादक पदार्थ तस्कर है, जो गांजा, एमडी और स्मैक की अवैध तस्करी में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ फलोदी और नागौर जिलों के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल छह प्रकरण दर्ज हैं।
