होशियारपुर के टांडा में झाड़ू की बेअदबी पर की गई FIR के खिलाफ जालंधर में कांग्रेस ने आप मंत्री मोहिंदर भगत की कोठी के बाहर प्रदर्शन किए। कांग्रेस नेता प्रदर्शन में झाड़ू लेकर पहुंचे और सरेआम रोड पर झाड़ू को बिखेरा। आक्रोश में नारेबाजी करते हुए जब कांग्रेस नेता पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत की रिहायश की तरफ बढ़े तो पुलिस ने वेरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान पुलिस और वर्कर्स में जमकर धक्कामुक्की हुई। धक्का-मुक्की के दौरान वेस्ट हलके से कांग्रेस की टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ने वाली महिला नेता सुरेंद्र कौर की चुनरी और पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी की शर्ट फट गई। कांग्रेस नेता बेरी ने कहा कि टांडा में 18-19 साल के युवक अर्शदीप पर आप ने धक्केशाही से झाड़ू की बेअदबी का पर्चा दर्ज किया गया है। इससे बुरे हालात पंजाब में और क्या हो सकते हैं? हमारी ये मांग है कि ऐसे पर्चे कैंसिल होने चाहिए। भगवंत मान सरकार हर इंसान पर जुल्म कर रही है। हर व्यक्ति पर जुल्म कर रही है। चाहे वो सरकारी कर्मचारी है या फिर व्यापारी। आज व्यापारी भी उतना ही परेशान है जितना सरकारी कर्मचारी डरा हुआ है। आज हमारी मांग भी यही है कि जो अर्शदीप जिसकी छोटी सी उम्र है, उस पर दर्ज पर्चा कैंसिल होना चाहिए। जिन्होंने गुरु ग्रंथ साहब जी के नाम पर बेअदबियां की, उनके खिलाफ 4 साल से कोई एक्शन नहीं लिया गया। यह हमारी मांग है कि वह पर्चा कैंसिल होना चाहिए और जब तक वो पर्चा कैंसिल नहीं होगा इसी तरह आम आदमी पार्टी के एमएलए के घर के बाहर कांग्रेस पार्टी अपने धरने लगाएगी। देखें धरने-प्रदर्शन के PHOTOS बेरी बोले-वर्कर्स को धक्के मारे गए, कई को चोटें लगी
हमने बिल्कुल शांति से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने धक्कामुक्की की। हमारे वर्करों को चोटें भी लगी हैं। हमारी यही मांग है कि भगवंत मान जब सरकार में नहीं थे वो कह रहे थे कि मेरे राज में कोई भी धरना प्रदर्शन नहीं होगा। आज साल में कोई कर्मचारी ले लो, कोई महकमा ले लो, चाहे नगर निगम है, चाहे पीडब्ल्यूडी है, चाहे हेल्थ है, सभी के कर्मचारी धरने लगा रहे हैं। आज हमारे वर्कर्स ने भी जगह-जगह झाड़ू बिखेरा है, इसलिए उन पर भी पर्चे दर्ज किए जाएं। पुलिस का काम शांति व्यवस्था बनाकर रखना था
घटनास्थल पर हुई धक्का-मुक्की और बिखरे हुए झाड़ुओं को लेकर पुलिस ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पंजाब पुलिस पूरी तरह वचनबद्ध है और किसी को भी माहौल खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे लगातार यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा न हो। वहीं प्रदर्शनकारियों द्वारा मांग पत्र सौंपे जाने के सवाल पर उन्होंने साफ किया कि अभी तक उन्हें ऐसा कोई भी मांग पत्र नहीं दिया गया है।