बरनाला में जिला कांग्रेस कमेटी ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ कोर्ट चौक पर एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विधानसभा हलका बरनाला के विधायक और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह काला ढिल्लों के नेतृत्व में हुआ। कांग्रेसियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उस पर तानाशाही का आरोप लगाया। इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट हुए। इसमें महेश कुमार लोटा, जसमेल सिंह और बलदेव सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने भी भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर विरोधियों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज करने का आरोप लगाया। जनसभा को संबोधित करते हुए जिला प्रधान कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने आप सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सत्ताधारी दल के इशारे पर एक आम व्यक्ति के खिलाफ पुलिसिया मुकदमा दर्ज किया गया, क्योंकि उसने कथित तौर पर आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह की बेअदबी की थी। ढिल्लों ने इस मामले को “हास्यास्पद और बेतुका” बताया। कांग्रेस नेता बोले- तुरंत रद्द की जाए फर्जी केस कांग्रेस नेता ने मांग की कि इस “फर्जी और राजनीति से प्रेरित” मुकदमे को बिना किसी देरी के तुरंत रद्द किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो कांग्रेस इस आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शनकारी नेताओं ने सूबे की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी को जमीनी स्तर पर अपनी करारी हार साफ दिखाई देने लगी है। यही वजह है कि सरकार अब पूरी तरह बौखला गई है और अपनी नाकामियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले विपक्ष व आम जनता को डराने के लिए पुलिस प्रशासन का सरेआम दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेसियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि विरोध को दबाने की यह तानाशाही नीति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि इस झूठे और बेबुनियाद मामले को तुरंत वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी पूरे पंजाब के भीतर सरकार के इस दमनकारी रवैये के खिलाफ अपने संघर्ष का दायरा और अधिक बड़ा और तेज करेगी, जिसकी सीधी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
