दौसा जिले में गुरुवार शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को शाम होते-होते राहत मिल गई। जिले के कई क्षेत्रों में पहले धूलभरा तूफानी अंधड़ चला, जिसके बाद रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी व उमस से राहत महसूस की। अंधड़ और तेज हवा के कारण जिले के कई इलाकों में बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई। गौरतलब है कि गुरुवार दिनभर जिले में तेज धूप और गर्मी का असर बना हुआ था, जिससे लोग बेहाल थे। वहीं शाम को घने बादल छाने के बाद हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। मौसम विभाग की ओर से आगामी तीन दिनों के लिए बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। विभाग ने तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी।