कोटा में तस्कर मां और बेटे के 25 लाख रुपए की कीमत के 2 अवैध मकानों पर बुलडोजर चला। तस्करों ने करीब 1.5 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जा करके ये 2 घर बना लिए थे। यह कार्रवाई सीमलिया थाना पुलिस और सीएडी (CAD) विभाग की संयुक्त टीम ने की है। टीम ने एनएच-52 (NH-52) के पास नहर किनारे स्थित सरकारी जमीन से अवैध कब्जे को हटाया। पुलिस की यह कार्रवाई क्रिमिनल डस्ट ऑपरेशन के तहत की गई है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे अपराधियों को चिह्नित किया जा रहा है, जो लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं। इसी अभियान के तहत सीमलिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा निवासी सुगना बाई और उसके बेटे धीरज के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने सीएडी (CAD) विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था। वहां 2 मकान भी बना लिए थे। पुलिस, प्रशासन और सीएडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान करीब 1.5 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। साथ ही, अवैध रूप से बने दोनों मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ढहा दिया गया। कब्जा मुक्त कराई गई जमीन और ध्वस्त किए गए मकानों की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपए है। सीमलिया थानाधिकारी नंदसिंह ने बताया- नशे के कारोबार और अपराधियों के अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
