गुजरात के राजकोट में एक होटल में फ्रिज का कंप्रेसर (कूलेंट गैस की बोतल) में ब्लास्ट होने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा बुधवार दोपहर 3:20 बजे राजकोट के भावनगर रोड स्थित ‘ठाकर घिक’ होटल के किचन में हुआ। हादसे में अरविंद सिंह सिसोदिया (20) निवासी फलासिया उदयपुर की मौत हो गई। वह होटल के किचन में काम करता था। करीब एक महीने पहले से अरविंद राजकोट के होटल में काम कर रहा था। दरअसल, होटल के किचन में रखे फ्रिज का कंप्रेसर अचानक धमाके के साथ फट गया। फटते ही बोतल अरविंद के सिर पर लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान करीब 20 कर्मचारी काम कर रहे थे। घटना का वीडियो सामने आया है। कूलेंट गैस की बोतल सीधे सिर में लगी CCTV में नजर आ रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि कंप्रेसर सीधे हवा में उछला। वहां खड़े अरविंद सिंह के सिर पर लगा। कंप्रेसर लगते ही युवक लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। साथी कर्मचारी खून से लथपथ हालत में अरविंद को राजकोट के सिविल हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता का एक साल पहले हुआ था निधन अरविंद सिंह के पिता पुन सिंह निवासी फलासिया के जेतावाड़ा साटका का निधन एक साल पहले हुआ था। तीन भाई-बहनों में अरविंद सबसे बड़ा था। पिता के बाद उस पर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी थी। अरविंद सिंह के दो चचेरे भाई भी उसी होटल में काम करते थे। उन्होंने अरविंद को काम के लिए होटल में बुला लिया था। पोस्टमॉर्टम हुआ, बॉडी लेकर उदयपुर रवाना जानकारी के अनुसार- अरविंद की मौत की सूचना मिलते ही परिजन राजकोट पहुंच गए। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने गुरुवार को शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर उदयपुर के लिए रवाना हो गए। यहां पहुंचने के बाद उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस कर रही मामले की जांच घटना के बारे में राजकोट के अजीडेम पुलिस स्टेशन के PI एच.एन. पटेल के अनुसार- पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि यह हादसा रेफ्रिजरेटर से निकलने वाली कूलेंट गैस की बोतल के फटने से हुआ। पुलिस ने एक्सीडेंटल मौत का मामला दर्ज आगे जांच शुरू कर दी है।