बठिंडा के गोपाल नगर इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां की गली नंबर 5 में रहने वाले एक 20 वर्षीय प्रवासी युवक ने अपने किराए के कमरे में पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड और थाना कैनाल कॉलोनी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों द्वारा दिए जाने वाले बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यूपी का रहने वाला था मृतक, भाई के साथ करता था पेंट का काम मृतक युवक की पहचान विजय (20) पुत्र श्याम बाऊ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फतेहपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। विजय बठिंडा में अपने बड़े भाई के साथ रहता था और दोनों भाई यहां पेंटर (रंग-रोगन) का काम करते थे, जबकि उनका बाकी परिवार उत्तर प्रदेश में ही रहता है। तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर घर लौटा था थाना कैनाल के प्रभारी हरजोत सिंह ने घटना के संबंध में बताया कि दोनों भाई गोपाल नगर में एक किराए के मकान में अकेले रहते थे। मृतक के बड़े भाई के मुताबिक, विजय ने काम के दौरान उससे कहा था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है और वह आराम करने के लिए कमरे पर जा रहा है। जब बड़ा भाई काम खत्म करके वापस घर लौटा, तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। विजय फंदे पर झूल रहा था। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जांच जारी घटना के बाद तुरंत स्थानीय समाज सेवी संस्था ‘सहारा जन सेवा’ को सूचित किया गया। संस्था के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में क्षत-विक्षत स्थिति में शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बठिंडा के सिविल अस्पताल के मोर्चरी घर (शवगृह) में सुरक्षित रखवा दिया गया है।