डीडवाना में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डीडवाना और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खाटू खुर्द ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आमजन को राहत देने की मांग की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डीडवाना के अध्यक्ष हिदायत खां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ गए हैं, जिससे मध्यम वर्ग, मजदूर और गरीब परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खाटू खुर्द के अध्यक्ष हेमाराम ढाका के नेतृत्व में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मांग-पत्र सौंपा। इस ज्ञापन में बताया गया कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि से किसानों की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, कीटनाशक और कृषि उपकरणों के दाम बढ़ने से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य एवं केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की। उन्होंने किसानों को विशेष राहत प्रदान करने और गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए राहत योजनाएं लागू करने का भी आग्रह किया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रेम चोयल, आसिफ बेगाना, इरफान खान, राजू थालौड़, अर्जुन फौजी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।