कोटा रेंज महानिरीक्षक पुलिस हरेन्द्र कुमार मंगलवार देर शाम एक दिवसीय दौरे पर बूंदी पहुंचे। पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आईजी ने पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आईजी ने क्वार्टर गार्ड, कोत, कैंटीन, मैस, एमटी शाखा और आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने नवनिर्मित पुस्तकालय और महिला विश्राम गृह का भी अवलोकन किया और उनकी सराहना की। आईजी ने कहा कि पुस्तकालय से पुलिस परिवार के बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे, जबकि महिला विश्राम गृह महिला कार्मिकों के लिए बेहतर माहौल प्रदान करेगा। इसके बाद एसपी कार्यालय सभागार में जिले के सभी एएसपी, सीओ और थानाधिकारियों की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान कानून-व्यवस्था, गंभीर मामलों, लंबित अनुसंधानों, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, नशे के खिलाफ कार्रवाई, महिला अपराध और साइबर क्राइम पर विस्तृत चर्चा हुई। आईजी हरेन्द्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से तुरंत समाधान करें और पुलिस की कार्यप्रणाली को जनोन्मुखी बनाएं। उन्होंने नियमित गश्त और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया। आईजी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ संपर्क सभा भी की, जहां उन्होंने उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए। बाद में, थाना तालेड़ा में जनसुनवाई कर आमजन की शिकायतें सुनी गईं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए, साथ ही यह भी कहा कि शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। एसपी अवनीश कुमार शर्मा (आईपीएस) ने बताया कि आईजी के इस दौरे से पुलिस-जन सहयोग और मजबूत होगा।
