चूरू के पीडीयू मेडिकल कॉलेज के बेसमेंट पार्किंग में मंगलवार दोपहर छत का प्लास्टर टूटकर एक खड़ी कार पर गिर गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय पार्किंग में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जनहानि हो सकती थी। इस घटना में कार का बोनट, आगे का शीशा और सनरूफ टूट गया। प्लास्टर में लगा एक सरिया सनरूफ में घुस गया, जिससे कार को काफी नुकसान हुआ। यह लग्जरी कार पैथोलॉजी विभाग की पीजी रेजिडेंट डॉ. अंकिता की थी। जानकारी के अनुसार पीडीयू मेडिकल कॉलेज का निर्माण वर्ष 2017-18 में हुआ था, लेकिन यह अभी तक पूरी तरह से हैंडओवर नहीं हुआ है। निर्माण कार्य एजेंसी एचएससीएल द्वारा कार्य अपूर्ण बताया जा रहा है। भवन निर्माण के आठ साल बाद भी संबंधित फर्म ने कॉलेज को पूर्णतया हैंडओवर नहीं किया है। कॉलेज भवन कई जगहों से क्षतिग्रस्त होने लगा है। बेसमेंट की छत के सरिये तक दिखने लगे हैं, जिसे देखकर लगता है कि यह किसी भी समय गिर सकती है। कॉलेज के बेसमेंट में हर समय दर्जनों वाहन खड़े रहते हैं, जिससे भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
