बालोतरा जिले की समदड़ी पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन डम्पर जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सहायक उप निरीक्षक मोहनलाल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, सुखड़ी नदी के बहाव क्षेत्र में स्थित गांव मजल में जेसीबी मशीन का उपयोग करके अवैध बजरी खनन किया जा रहा था और डम्परों में भरकर परिवहन हो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां अवैध खनन कार्य जारी था। पुलिस को देखकर डम्पर चालक वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर अवैध बजरी से भरे तीनों डम्परों को रोक लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेंसिंहपुरा निवासी राकेश, भेड़ निवासी रामचंद्र, नेतड़ा निवासी जितेंद्र और स्टेटस निवासी गिरिराज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्त किए गए डम्परों को समदड़ी पुलिस थाने में खड़ा किया गया है।