मंगलवार को खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वीप (SVEEP) कार्यक्रमों की समीक्षा कर अधिकारियों को कार्यान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्कूल और काॅलेजों में होने वाली सभी मतदाता जागरूकता गतिविधियों का विवरण शाला दर्पण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। इसके अतिरिक्त, निजी स्कूलों का पीएसपी पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी सीबीईओ और जिला शिक्षा अधिकारियों को पोर्टल की नियमित निगरानी करने तथा निर्वाचन विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जागरूकता गतिविधियों की जानकारी लगातार अपडेट करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक स्वीप कोऑर्डिनेटर, किशनगढ़बास के बैठक में अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार मेघ, जिला स्वीप समन्वयक राजेश कुमार जैन सहित सभी ब्लॉक स्वीप कोऑर्डिनेटर उपस्थित थे।