जयपुर के मनोहरपुर इलाके में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की हत्या कर दी गई। वे सोमवार रात कबाड़ गोदाम में खून से लथपथ मिले थे। परिवार वालों का आरोप है कि गला रेतकर उनका मर्डर किया गया है। SHO (मनोहरपुर) सुरेन्द्र सिंह ने बताया- मनोहरपुर कस्बा निवासी रामावतार असवाल उर्फ पप्पू (55) की हत्या की गई। मनोहरपुर बस स्टैंड के पास उनका कबाड़ का गोदाम है। वे सोमवार रात को गोदाम पर थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति गोदाम पर आया था। वह धारदार हथियार से गला रेतकर भाग गया। काफी देर तक घर नहीं आने पर परिवार वालों को चिंता हुई। जब परिवार के सदस्य गोदाम पहुंचे तो होश उड़ गए। लहूलुहान रामावतार गोदाम में पड़े थे। उन्हें निम्स हॉस्पिटल ले जाकर पुलिस को सूचना दी गई। हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया। CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस मनोहरपुर पुलिस ने सोमवार रात करीब 12:30 बजे फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए। बीजेपी नेता की हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गांव वाले परिवार वालों के साथ थाने के सामने इकट्ठे हो गए थे। पुलिस ने गोदाम और उसके आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। एडिशनल एसपी रणवीर सिंह ने कहा कि रामावतार असवाल ने अपने बचाव की भी कोशिश की होगी। इस कारण धारदार हथियार से उनकी कलाई पर भी गहरा घाव है। शव को निम्स हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। एडिशनल एसपी ने कहा- चार टीमें बनाई गई हैं। हत्यारे की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश के चलते हत्या होना सामने आ रहा है। मांगों पर आश्वासन, धरना खत्म उधर, घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मंगलवार सुबह 8 बजे मनोहरपुर थाने के सामने धरने पर बैठ गए थे। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। धरने पर बैठे परिजन और ग्रामीण मामले का जल्द खुलासा कर हत्यारों की गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने 5 दिन में हत्याकांड का खुलासा करने का आश्वासन दिया। साथ ही प्रशासन ने रामावतार के परिजन को संविदा पर नौकरी, डेयरी बूथ के आवंटन का प्रस्ताव भेजने और 7 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। इस पर परिजनों ने शाम 5:30 बजे धरना खत्म कर दिया।
