डूंगरपुर जिले के चितरी थाना क्षेत्र में कड़ाना बैक वाटर के पास एक कपड़ा व्यापारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान सागवाड़ा निवासी पीयूष शाह के रूप में हुई है। परिजनों ने चितरी थाना पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि पीयूष सुबह अपनी स्कूटी से पास के गांव गलियाकोट गए थे।
दोपहर में परिजनों को सूचना मिली कि गलियाकोट के पास कड़ाना बैक वाटर के किनारे पीयूष का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत गलियाकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचे, जहां उन्होंने पीयूष कुमार का मृत शरीर देखा। परिजनों ने पीयूष की मौत पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके या किसी बहाने से उन्हें गलियाकोट बुलाकर हत्या की है। पुलिस ने शव को सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवा दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।