कोटा जिले के रामगंजमंडी में एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन झपटने की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई क्रिमिनल डस्टिंग अभियान के तहत की गई है। कोटा ग्रामीण पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि 28 मई को रामगंजमंडी निवासी 75 वर्षीय लीला बाई मेडतवाल समाज धर्मशाला में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने गई थीं। आरती के दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना रामगंजमंडी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जुल्मी रोड से तीन संदिग्ध महिलाएं गिरफ्तार एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर तीन संदिग्ध महिलाओं को जुल्मी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। धार्मिक स्थलों पर करती थीं चोरी गिरफ्तार महिलाओं की पहचान चांदनी (35), काजल (29) और अंबिका (35) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली हैं और फिलहाल अपनी गैंग के साथ दिल्ली में रहती हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह ट्रेन और अन्य साधनों से विभिन्न राज्यों में जाकर भीड़भाड़ वाले धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों को निशाना बनाता था। वारदात के बाद चोरी का माल बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।