जोधपुर में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का पुतला फूंका गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के खिलाफ दिए बयान पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा जोधपुर शहर जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने बताया- हनुमान बेनीवाल ने अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया। ऐसा लगता है कि उन्हें अभी तक खींवसर की हार पची नहीं है। वे आए दिन किसी न किसी नेता के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करते हैं। उन्होंने जिस तरीके की भाषा का प्रयोग मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर किया है, वह यह बताता है कि वे सांसद रहने के लायक ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा सिर्फ बीजेपी के नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। उनके खिलाफ इस तरह के शब्दों का प्रयोग करना उन्हें शोभा नहीं देता है। हनुमान बेनीवाल को माफी मांगनी होगी: गौरव जैन भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गौरव जैन ने बताया- हनुमान बेनीवाल की टिप्पणी उनके मानसिक दिवालियापन को दर्शाती है। जो बेनीवाल अपने कार्यकर्ताओं को गाली देते हैं, उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं, उन्हें आने वाले दिनों में जनता कहीं का नहीं छोड़ेगी। उन्हें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से माफी मांगनी होगी।